नयी दिल्ली, 14 जनवरी (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने देशवासियों को मकर संक्रांति, पोंगल, सुग्गी हब्बा, माघी, भोगली बिहू, खिचड़ी, पौष, उत्तरायण और मकरविलक्कु पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सबकी खुशहाली की कामना की है।
श्री खरगे ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक संदेश में कहा “जीवंत फसल परंपराओं को एकजुट होकर मनाने के इस पर्व पर कामना है कि वातावरण कृतज्ञता, आनंद और एकता से भरा हो। इस पर्व पर हम सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। मकर संक्रांति, पोंगल, सुग्गी हब्बा, माघी, भोगली बिहू, खिचड़ी, पौष पर्व, उत्तरायण और मकरविलक्कु के उत्सव सभी के लिए असीम खुशियाँ, अच्छा स्वास्थ्य और स्थायी समृद्धि लेकर आएं।
श्री गांधी ने कहा “मकर संक्रांति, पोंगल, सुग्गी हब्बा, माघी, भोगली बिहू, खिचड़ी, पौष पर्व, उत्तरायण और मकरविलक्कु की शुभकामनाएं। ये फसल उत्सव नई शुरुआत, आशा, खुशियाँ लेकर आएं और आपके जीवन को आनंद और समृद्धि से भर दें।”
श्रीमती वाड्रा ने कहा “भगवान सूर्य के उत्तरायण होने एवं नई फसलों के स्वागत के महापर्व मकर संक्रांति और माघ बिहू की हार्दिक शुभकामनाएं। ये सभी पर्व हमारी विविधता और प्रकृति से गहरे प्रेम के प्रतीक हैं जो हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं को और समृद्ध बनाते हैं। ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि ये त्यौहार समस्त देशवासियों के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का संचार करें।”
