इंदौर:शहर में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में बदमाशों ने लोगों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चपत लगा दी. दोनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मल्हारगंज थाना प्रभारी वेदेन्द्र सिंह कुशवाह ने बताया कि क्षेत्र के लक्ष्मीपुरी कॉलोनी में रहने वाले ओमकार उर्फ पिंटू तिवारी के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है. फरियादी के अनुसार अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप नंबर से आरटीओ चालान के नाम से एक एपीके फाइल भेजी थी.
फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक हो गया और ठगों ने उनके एचडीएफसी बैंक खाते से 4 लाख 22 हजार 500 रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए. मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है. इसकी तरह के एक अन्य मामले में विजयनगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि क्षेत्र में स्कीम नंबर 54 निवासी मनोज पाल के क्रेडिट कार्ड से अज्ञात बदमाश ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर 1 लाख 428 रुपए निकाल लिए. दोनों मामलों में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
