इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र के देवास नाका स्थित ट्रक पार्किंग एरिया में अज्ञात चोरों ने एक टायर दुकान को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर दुकान की गुल्लक में रखी नकदी और दुकान में बने मंदिर से चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.फरियादी दिलीप बडवाया पिता दयाराम बडवाया उम्र 37 वर्ष निवासी वेंकटेश नगर एक्सटेंशन ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है.
फरियादी ने बताया कि देवास नाका क्षेत्र में न्यू रॉयल टायर नाम से उनकी दुकान है, जो ट्रक पार्किंग एरिया में स्थित है. फरियादी ने पुलिस को बताया कि देर रात करीब 10 बजे से अगले दिन सुबह 10 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने दुकान का ताला तोड़कर घुसा. चोरों ने दुकान में रखी गुल्लक से करीब 21 हजार 800 रुपये नकद चुरा लिए. इसके साथ ही दुकान के अंदर बने मंदिर से दो चांदी के सिक्के भी चोरी कर ले गए. थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर ट्रक पार्किंग क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर चोरी का खुलासा किया जाएगा.
