T20 वर्ल्ड कप से पहले वेन्यू विवाद में कूदा पाकिस्तान, बांग्लादेश का भारत में खेलने से इनकार; ICC ने सुरक्षा खतरों के दावों को नकारा, वेन्यू शिफ्टिंग पर फंसा पेंच

नई दिल्ली | 13 जनवरी, 2026: ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से ठीक पहले वेन्यू को लेकर विवाद गहरा गया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में अपने ग्रुप स्टेज के मैच खेलने पर कड़ी आपत्ति जताई है। बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी विशेष शहर से नहीं, बल्कि पूरे भारत में खेलने से समस्या है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव और अन्य सामाजिक हालातों के चलते बांग्लादेशी खिलाड़ियों और प्रशंसकों के लिए भारत में जोखिम बढ़ सकता है। इसी बीच खबर आई है कि पाकिस्तान (PCB) ने बांग्लादेश के मैचों की मेजबानी करने में दिलचस्पी दिखाई है, जिस पर BCB ने सकारात्मक रुख अपनाया है।

बांग्लादेश सरकार और बोर्ड द्वारा उठाए गए सुरक्षा सवालों पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने कड़ा रुख अपनाया है। ICC ने बांग्लादेश के उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है जिसमें टीम को भारत में खतरा बताया गया था। स्वतंत्र सुरक्षा विशेषज्ञों की रिपोर्ट का हवाला देते हुए ICC ने साफ किया कि भारत में टूर्नामेंट के दौरान जोखिम ‘कम से मध्यम’ श्रेणी में है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वैश्विक संस्था ने स्पष्ट किया कि किसी भी खिलाड़ी या स्थल को लेकर कोई सीधा खतरा नहीं पाया गया है, इसलिए मैचों को शिफ्ट करने का फिलहाल कोई ठोस आधार नहीं है।

इस पूरे विवाद की जड़ आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान की विदाई को माना जा रहा है। बीसीसीआई के निर्देश पर मुस्तफिजुर को रिलीज किए जाने के बाद से ही बांग्लादेशी बोर्ड का रुख आक्रामक बना हुआ है। BCB की पहली पसंद श्रीलंका है, जो टूर्नामेंट का सह-मेजबान भी है। हालांकि, पाकिस्तान और यूएई की इस विवाद में एंट्री ने मामले को त्रिकोणीय बना दिया है। टूर्नामेंट शुरू होने में एक महीने से भी कम समय बचा है, ऐसे में देखना होगा कि ICC इस गतिरोध को सुलझाने के लिए क्या अंतिम फैसला लेता है।

Next Post

डबरा में होटल पर गोलीबारी में राहगीर घायल

Tue Jan 13 , 2026
ग्वालियर: डबरा स्थित बल्ला का डेरा क्षेत्र में एक होटल पर फायरिंग की घटना हुई है। होटल संचालक के कर्मचारी ने ही गोली चलाई। सिटी पुलिस होटल संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी संजय शर्मा मामले की जांच पड़ताल कर रहे हैं। गोली चलने से […]

You May Like