इंदौर:भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार सुबह तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में ज्योतिर्लिंग ममलेश्वर के दर्शन कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने नैवेद्य भोग एवं मंगल आरती में सहभागिता कर भगवान ममलेश्वर का आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री कुमार ओंकारेश्वर शनिवार शाम को पहुंचे थे। इसके पश्चात उन्होंने यहां भगवान ओंकारेश्वर की शयन आरती कर पूजा अर्चना भी की थी।
रविवार सुबह ज्योतिर्लिंग ममलेश्वर के दर्शन उपरांत मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मैंने सहपरिवार 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर लिये। आज का दिन उनके जीवन का अत्यंत विशेष, भावनात्मक एवं अविस्मरणीय दिवस है। उन्होंने कहा कि अपनी धर्मपत्नी के साथ पवित्र श्री ज्योतिर्लिंग में दर्शन एवं पूजा-अर्चना का सौभाग्य प्राप्त होना उनके लिए ईश्वर की विशेष कृपा है।
उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि वर्ष 2003 में उन्होंने संकल्प लिया था कि जीवन में 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करेंगे। इस संकल्प की पूर्ति वर्ष 2026 में श्री ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के साथ संपन्न हुई। लगभग 23 वर्षों की इस लंबी आध्यात्मिक यात्रा के पूर्ण होने पर उन्होंने भगवान महादेव के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सब उनकी असीम कृपा से संभव हो सका मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने एक सशक्त एवं पारदर्शी लोकतंत्र के लिए देश के मतदाताओ के स्वास्थ्य एवं अध्यात्म तथा देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
इस दौरान खंडवा कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, एसपी आगम जैन सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे
