इंदौर: शहर में लगातार बढ़ रहे साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी के मामलों के बीच इंदौर पुलिस ने शनिवार को सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत साइबर जागरूकता मैराथन आयोजित कर लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया. नेहरू स्टेडियम से शुरू हुई छह किलोमीटर की मैराथन में 6,080 से अधिक लोगों ने भाग लेकर साइबर अपराधों के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश दिया.
सुबह छह बजे पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों और अतिथियों की मौजूदगी में मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. मैराथन नेहरू स्टेडियम से जीपीओ, नवलखा और भंवरकुआं चौराहा होते हुए वापस स्टेडियम पहुंची. बच्चों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों के साथ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उत्साह के साथ दौड़ में भाग लिया. मैराथन शुरू होने से पहले पुलिस कमिश्नर ने सभी प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई. उन्होंने स्वयं जागरूक रहने के साथ परिवार और समाज को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति सचेत करने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम की शुरुआत जुंबा सत्र से हुई, जिसमें हजारों प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर फिटनेस और साइबर सुरक्षा का संदेश दिया. अभियान में पुलिस अधिकारियों के अलावा शहर के उद्योगपतियों, चिकित्सकों, चार्टर्ड अकाउंटेंट, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भागीदारी की. मैराथन के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित भी किया. कार्यक्रम के अंत में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता है. सेफ क्लिक 2.0 अभियान के माध्यम से लोगों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने, साइबर ठगी से बचने और दूसरों को भी जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं
