
सीधी। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विकास मिश्रा के निर्देशानुसार तथा जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में जिले में खनिज गतिविधियों के नियमन को लेकर कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में प्रभारी खनि निरीक्षक शिशिर यादव एवं देवेंद्र महोबे के नेतृत्व में खनिज विभाग और थाना कुसमी के संयुक्त दल ने ग्राम गोतरा स्थित गोपद नदी घाट पर रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से कार्रवाई की।
29 मार्च 2026 को संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर रेत परिवहन में उपयोग किए जा रहे मार्ग को गड्ढा खोदकर अवरुद्ध किया, ताकि अनियमित परिवहन पर रोक लगाई जा सके। यह कार्रवाई 28 मार्च 2026 को कुसमी (टमसार) में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित शिविर के दौरान ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर कलेक्टर के निर्देश पर की गई।
वाहन जब्ती की कार्रवाई
इससे पहले 26 मार्च 2026 को खनिज विभाग की टीम ने गोतरा एवं आसपास के क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान दो हाइवा वाहन (एमपी 53 जेडई 8899 एवं एक बिना नंबर का वाहन) को रेत परिवहन करते हुए पकड़ा। दोनों वाहनों को नियमानुसार जब्त कर संबंधित चालकों/स्वामियों के विरुद्ध म.प्र. खनिज (उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रशासन ने बताया है कि खनिज गतिविधियों के नियमन हेतु आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
