टोक्यो, 11 जनवरी (वार्ता/स्पुतनिक) जापान इनोवेशन पार्टी (निप्पॉन इशिन नो काई) के नेता हिरोफूमी योशिमुरा ने कहा है कि प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने उनके साथ बातचीत के दौरान संसद को जल्दी भंग करने का संकेत दिया था।
योशिमुरा ने एनएचके प्रसारक पर लाइव बातचीत के दौरान कहा, “संसद को भंग करने का फैसला प्रधानमंत्री का अधिकार है। अगर ऐसा कोई फैसला लिया जाता है, तो हम किसी भी समय लड़ने के लिए तैयार हैं। परसों थोड़ी देर के लिए हमारी निजी बातचीत हुई थी। हमारी बातचीत में एक पल ऐसा आया, जब हमने कहा कि ‘माहौल बदल गया है’, लेकिन प्रधानमंत्री ने साल की शुरुआत की इस बातचीत में संसद भंग करने की कोई खास तिथि नहीं बतायी थी, इसलिए संसद भंग होने की संभावना की मीडिया रिपोर्टों से मैं हैरान नहीं हूं।”
वहीं जापान की विपक्षी कॉन्स्टीट्यूशनल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता योशिहिको नोदा ने एनएचके से कहा, “इस वर्ष सुश्री ताकाइची का संसद भंग करना अपेक्षित है, लेकिन यदि ऐसा होता है तो यह मेरी कल्पना से ज्यादा तीव्र होगा।”
सनाए ताकाइची पिछले साल 21 अक्टूबर को जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं और उन्होंने अपनी कैबिनेट बनायी थीं।
जापान की प्रधानमंत्री ने दिये संसद भंग करने के संकेत
