
जबलपुर। सावन माह के चौथे सोमवार को शहर भर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां शारदा मंदिर मदन महल की पहाड़ी में अनेकों श्रद्धालु बड़े- बड़े झंडा लेकर माता के दरबार पहुंचे। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में भक्तों ने माता रानी को ध्वजा अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर प्रांगण में देर शाम तक बनी रही। पुजारी ने बताया कि सावन महीने में यहां माता को झंडा चढ़ाने की परंपरा रही है, इसलिए प्रत्येक सोमवार यहां हजारों श्रद्धालु माता को ध्वजा अर्पित करते हैं । पूरे सावन माह माता शारदा के मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहता है।
लगता है सावन का मेला
शारदा मंदिर जिसे शारदन के नाम से भी जानते हैं, यहां सावन महीने में मेला भी लगता है। यहां दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। साथ ही बच्चों ने यहां लगे झूलों का भी आनंद लिया। इसके अलावा बहुत सी दुकानें भी मंदिर के आस- पास मेले में लगी हुई थी, जहां महिलाओं ने जमकर खरीदारी की।
