
श्योपुर। जिले से आज रविवार दोपहर 200 तीर्थ यात्री मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत गुजरात स्थित द्वारिका और सोमनाथ के लिए सात दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए। धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा संचालित इस योजना के अंतर्गत यात्रियों को श्री रामतलाई हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाकर विदा किया गया।
इस अवसर पर तीर्थ यात्रियों का माल्यार्पण और तिलक कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अर्पित वर्मा, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महावीर सिंह सिसौदिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति तथा तीर्थ यात्रियों के परिजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत ये यात्री आज 11 जनवरी से 17 जनवरी तक द्वारिका एवं सोमनाथ की यात्रा पर रहेंगे। सभी यात्री आज रात शिवपुरी रेलवे स्टेशन से एक विशेष ट्रेन द्वारा अपनी यात्रा शुरू करेंगे और यात्रा पूर्ण होने पर वहीं वापस उतरेंगे। इसके बाद, जिला प्रशासन द्वारा बसों के माध्यम से इन यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया जाएगा।
