सीहोर। विधायक सुदेश राय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहीद समाधि स्थल पर 14 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम को लेकर रूपरेखा तैयार की गई.
पहली बार जिला मुख्यालय के इतिहास में मकर संक्रांति पर एक आधुनिक और भव्य तकनीकी प्रस्तुति होने जा रही है. 14 जनवरी को सीहोर क्रांति अमरवीर वंदन कार्यक्रम के अंतर्गत सैकड़ाखेड़ी मार्ग स्थित शहीद समाधि स्थल पर लेजर शो का आयोजन किया जाएगा.
इस दौरान विधायक सुदेश राय ने कहा कि शहीदों के बलिदान को हम भूलेंगे नहीं और किसी को भूलने भी नहीं देंगे. समाधि स्थल और दोराहा संधी में शहीद हुए वीर स्वतंत्रता सैनानियों देश भक्तों को नमन करेंगे. शहीद समाधि स्थल पर श्रद्धांजली कार्यक्रम को इस वर्ष ऐतिहासिक बनाएंगे. बैठक के दौरान आनंद गांधी ने सैकड़ाखेड़ी मार्ग स्थित शहीद समाधि स्थल के इतिहास पर प्रकाश डाला. विधायक राय ने बताया कि दिल्ली से आ रही इवेंट कंपनी द्वारा कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है. शो के दौरान लेजर किरणों के माध्यम से आसमान में 40 फीट की ऊंचाई पर सीहोर क्रांति पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई जाएगी. आधुनिक लाइट और दमदार साउंड के साथ 1857 के शहीदों के बलिदान को आसमान पर उकेरा जाएगा. लेजर शो के साथ-साथ प्रसिद्ध ऑर्केस्ट्रा कलाकारों द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी. शाम 6 बजे से इस कार्यक्रम में संगीत और तकनीक से शहीदों को वंदन किया जाएगा.
