धान उपार्जन में बड़ा खेल: बोरे पूरे, लेकिन धान गायब..!

जबलपुर: धान उपार्जन व्यवस्था में पारदर्शिता के दावों के बीच कुंडम क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। तिलसानी स्थित वाजपेयी वेयरहाउस में संचालित इमलई सेवा सहकारी समिति पर धान खरीदी के दौरान वजन में भारी गड़बड़ी करने के आरोप लगे हैं। आरोप है कि समिति द्वारा बोरे की संख्या तो नियमानुसार पूरी दिखाई जा रही है, लेकिन प्रत्येक बोरे में निर्धारित वजन से काफी कम धान भरा जा रहा है।

नियमों के अनुसार एक बोरे का वजन 40 किलो 600 ग्राम होना अनिवार्य है, लेकिन कई बोरे 30 से 35 किलो के बीच जमा किए जा रहे हैं। इस तरह कागजों में गिनती पूरी कर दी जाती है, जबकि वास्तविक रूप से कुल धान का वजन कम जमा किया जा रहा है। इससे शासन को आर्थिक नुकसान और व्यवस्था में बड़े भ्रष्टाचार की आशंका जताई जा रही है।
वेयरहाउस और समिति के बीच आरोप-प्रत्यारोप
मामले के सामने आने के बाद वेयरहाउस कर्मचारियों और समिति प्रबंधन के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। हालांकि स्थानीय सूत्रों का कहना है कि यह पूरा खेल आपसी मिलीभगत से अंजाम दिया जा रहा है, ताकि कम धान में ज्यादा खरीदी दर्शाई जा सके। मामला अधिकारियों की जानकारी में आने के बाद अब विस्तृत जांच की उम्मीद की जा रही है।
व्यापारियों और अधिकारियों की साठगांठ के आरोप
इस प्रकरण में कुछ व्यापारियों पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि अधिकारियों के संरक्षण में फर्जी एंट्री कर बड़े पैमाने पर धान की खरीदी दिखाई गई है। यदि समिति के पिछले वर्षों के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो इस वर्ष खरीदी असामान्य रूप से अधिक दर्ज की गई है, जिससे संदेह और गहरा गया है।
इनका कहना है
इस मामले में कमेटी बनाई जाएगी और जांच होगी, उसके बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी।
ऋषभ जैन, संयुक्त कलेक्टर

Next Post

रोमांचक मुकाबले में स्टार स्ट्राइकर बनी विजेता

Sat Jan 10 , 2026
जबलपुर: विआना स्पोर्ट्स एरीना शुक्रवार की शाम वुमेंस प्रीमियर लीग सीजन चार के फाइनल मुकाबले के लिए गुलजार था। इस बार का फाइनल मुकाबला शक्ति स्टार और स्टार स्ट्राइकर के बीच खेला गया, जिसने क्रिकेट प्रेमियों के दिलों की धड़कनें बढ़ा दी। ठंडी हवा के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला पूरी […]

You May Like

मनोरंजन