पेयजल पर डाका, नपा ने पकड़ी पांच मोटर 

सीहोर। शहर की प्यास बुझाने के लिए सुरक्षित रखे गए जमोनिया तालाब पर खुलेआम पानी की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. शुक्रवार को नगर पालिका की टीम ने कार्रवाई करते हुए किसानों द्वारा अवैध रूप से लगाए गए पांच मोटरों को जब्त किया है. ये मोटरें तालाब से सीधे पानी खींचकर खेतों में सिंचाई के लिए इस्तेमाल की जा रही थीं, जबकि शहर में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है.

मानसून के दौरान अल्पवर्षा के चलते जिले की प्यास बुझाने का दारोमदार निभाने वाले जलस्त्रोत खाली रह गए हैं. ऐसे में आगामी गर्मी के मौसम में लोगों को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े. इसके लिए जमोनिया और भगवानपुरा तालाब के अलावा पार्वती नदी के काहिरी बंधान के पानी को पेयजल के लिए सुरक्षित रखा गया है, लेकिन तालाब और नदी के किनारों पर खेती करने वाले किसानों द्वारा सुरक्षित पेयजल पर डाका डाला जा रहा है. नतीजतन जमोनिया और भगवानपुरा तालाब का जलस्तर तेजी से घटता जा रहा है. अगर पानी चोरी का सिलसिला ऐसे ही जारी रहा तो पेयजल संकट समय से पूर्व दस्तक दे सकता है.

हालांकि नगरपालिका द्वारा सुरक्षित पानी की चोरी रोकने के लिए तीन टीमों का गठन किया है. मोटरबोट की मदद से भी पानी चोरों पर निगाह रखी जा रही है तो पैदल चलकर भी नदी और तालाबों का पानी सुरक्षित रखने के प्रयास किए जा रहे हैं. बावजूद इसके पानी चोरी का सिलसिला थमा नहीं है, बल्कि लगातार बढ़ता जा रहा है. यही कारण है कि शुक्रवार को जमोनिया तालाब से पानी चोरी कर रहे पांच किसानों की मोटर नपा के अमले द्वारा पकड़ी गई हैं. नपा के सहायक यंत्री विजय कोली के निर्देशन में उपयंत्री वैभव लोवानिया एवं तिलक खाती व अमले ने जब शुक्रवार को जमोनिया तालाब का निरीक्षण किया तो पाया कि छोटे थूना वाले किसानों ने तालाब के किनारे पर मोटर पंप रखे थे और धड़ल्ले से पानी चोरी किया जा रहा था. अमले ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांचों मोटर को जब्त कर लिया और उसे वाहन में रखकर नपा कार्यालय लाया गया है.

कार्रवाई का विरोध करने का नाकाम प्रयास

नपा के अमले को देख वहां हड़कंप का माहौल निर्मित हो गया था. मोटर जब्त करने का किसानों ने विरोध भी किया, लेकिन नपा के अमले ने उनके विरोध को दरकिनार करते हुए पांच मोटर जब्त करने में देर नहीं की. इस दौरान थोड़ी दूरी पर भी मोटरें लगी थीं, लेकिन जब तक अमला वहां पहुंचता किसान वहां से रफूचक्कर हो गए थे.

कलेक्टर ने दे रखे हैं सख्त आदेश

औसत से कम बारिश से आगामी गर्मी के दिनों में पेयजल की कमी की आशंका को देखते हुए कलेक्टर बालागुरू के द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है. इसके अलावा उन्होंने नगरीय निकाय और ग्राम पंचायतों को सख्त हिदायत दी गई है कि पानी चोरी पर सख्ती से रोक लगाएं. इसके अलावा पानी चोरी करते पकड़ी गई किसानों को मोटर को छोड़ा न जाए. कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारी व कर्मचारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

अब होगा प्रकरण दर्ज

तालाब, नदी या पेयजल स्रोतों से पानी चोरी करने वालों की मोटर जब्त की गई है. आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इतना ही नहीं अगर किसी खेत का किसान दूसरी बार पानी चोरी करते पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ एसडीएम कोर्ट में प्रकरण दर्ज किया जाएगा.

विजय कोली

सहायक यंत्री नगरपालिका

Next Post

एमडी ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 3.50 लाख की नशीली सामग्री जब्त

Fri Jan 9 , 2026
इंदौर. अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारकोटिक्स सेल इंदौर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 35.80 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जब्त एमडी की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 3 लाख 50 हजार बताई जा रही है. उप पुलिस […]

You May Like