शोधकर्ताओं ने दिल के दौरे, स्ट्रोक के लिये मकड़ी के जहर से बनी दवा का परीक्षण किया शुरू

सिडनी, 08 जनवरी (वार्ता) ऑस्ट्रेलियाई शोधकर्ताओं ने दुनिया की सबसे खतरनाक मकड़ियों में से एक के जहर से तैयार दवा का दिल के दौरे और स्ट्रोक मरीजों पर नैदानिक परीक्षण शुरू किया है। शोधकर्ताओं ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी ऑफ क्वींसलैंड (यूक्यू) के एक बयान के अनुसार, ‘फेज 1 क्लीनिकल ट्रायल’ के दौरान ‘आईबी409’ नामक दवा की सुरक्षा, सहनशीलता और इसकी सही खुराक का परीक्षण किया जायेगा। यह एक नयी दवा है। इसे बायोटेक्नोलॉजी कंपनी ‘इन्फेंसा बायोसाइंस’ ने ऑस्ट्रेलियाई ‘फनल-वेब’ मकड़ी के जहर में पाये जाने वाले अणु से विकसित किया है।

यूक्यू के इंस्टीट्यूट फॉर मॉलिक्यूलर बायोसाइंस के प्रोफेसर ग्लेन किंग ने कहा कि उनकी टीम ने ‘एचआई1ए’ के साथ ‘बेदह आशाजनक’ प्री-क्लीनिकल परिणाम प्रकाशित किये हैं। ‘एचआई1ए’ क्वींसलैंड राज्य के फ्रेजर द्वीप पर पायी जाने वाली फनल-वेब मकड़ी के जहर से प्राप्त प्रोटीन है।

श्री किंग ने कहा, “‘हमारा मानना है कि ऑक्सीजन की कमी से होने वाली कोशिकाओं की मौत को रोककर ‘एचआई1ए’ दिल के दौरे और स्ट्रोक के दौरान हृदय और मस्तिष्क को होने वाले नुकसान को कम कर सकता है। उनकी टीम ने यह साबित कर किया है कि ‘एचआई1ए’ प्रभावी ढंग से दिल की रक्षा करता है। इसके बाद एक अन्य अध्ययन में इसका ‘प्री-क्लीनिकल’ परीक्षण किया गया, जिसमें इलाज के उन वास्तविक हालातों को दोहराया गया, जो असल जिंदगी में मरीजों के सामने आते हैं।”

इन्फेंसा के सीईओ और यूक्यू के शोधकर्ता प्रोफेसर मार्क स्मिथ ने कहा, “यदि ‘आईबी409’ के पहले चरण और बाद के नैदानिक परीक्षण सुरक्षित और प्रभावी साबित होते हैं तो हम दुनिया भर में हृदय रोग से पीड़ित लाखों लोगों का जीवन सुधार सकते हैं।”

इन्फेंसा की टीम ने ‘एचआई1ए’ को ‘आईबी409’ में बदल दिया है। यह एक सूक्ष्म पेप्टाइड है, जिसे दवा के रूप में विकसित करने के लिए तैयार किया गया है।

प्रोफेसर स्मिथ ने इस बात पर जोर दिया कि वर्तमान में ऐसी कोई भी दवा उपलब्ध नहीं है, जो दिल के दौरे और स्ट्रोक से होने वाले नुकसान को रोक सके।

 

Next Post

'कैंपा-श्योर' के ब्रांड एंबेसडर बने अमिताभ बच्चन

Thu Jan 8 , 2026
बेंगलुरु, 08 जनवरी (वार्ता) रिलायंस इंडस्ट्रीज की एफएमसीजी इकाई रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल) ने अपने पैकेज्ड पेयजल ब्रांड कैंपा श्योर के लिए दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन को ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। आरसीपीएल ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि कैंपा ब्रांड की तरह ही अमिताभ […]

You May Like