सतना: कड़ाके की ठंड में रात के सूनेपन का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने जिले के उचेहरा क्षेत्र में स्थित ग्रामीण बैंक और सैनिक कैंटीन का ताला तोड़ दिया. हलांकि ताला तोड़ते हुए चोर कैश काउंटर तक पहुंच गए लेकिन एन वक्त पर पुलिस गश्त का साइरन सुनने पर उन्होंने अपना इरादा बदल लिया. पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उचेहरा क्षेत्र के बाउली चौराहे पर स्थित मप्र ग्रामीण बैंक पर धावा बोला. बैंक के शटर का ताला तोड़ चोर कैश काउंटर तक पहुंच गए. बताया गया कि चोर कैश काउंटर का सेंटर लॉक भी तोड़ चुके थे. लेकिन उसी दौरान पुलिस का गश्ती दल वहां से साइरन बजाते हुए गुजरा. जिसे सुनकर चोर एटीएम मशीन के पीछे छिप गए. पुलिस का गश्ती दल साइरन बजाते हुए रेलवे स्टेशन की ओर निकल गया. कुछ देर तक छिपे रहने के बाद चोरों ने चोरी का इरादा बदल दिया और बाहर निकल गए.
जिसके बाद वे अपनी बाइक पर सवार होकर वहां से निकल गए. बताया गया कि बैंक से निकलने के बाद चोरों ने सैनिक कैंटीन पर भी धावा बोलने का प्रयास किया. लेकिन वहां पर भी उनके हाथ नाकामी ही लगी. सुबह होने पर जब घटना के बारे में जानकारी सामने आई तो बैंक कर्मियों के बीच सनाका खिंच गया. वहीं घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भी जांच शुरु कर दी. हलांकि ग्रामीण बैंक के सीसीटीवी कैमरे तो नकारा निकले. लेकिन अन्य स्थानों पर मिली सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस द्वारा चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
न सीसीटीवी न प्रकाश व्यवस्था
अज्ञात चोरों द्वारा ग्रामीण बैंक पर धावा बोलने की जानकारी सामने आने पर जब मामले की जांच शुरु हुई तो यह चौंकाने वाला खुलासा सामने आया कि एक ओर जहां बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे किसी काम के नहीं हैं. वहीं दूसरी ओर बैंक के बाहर प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं है. इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए बैंक प्रबंधक की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे. हलांकि बैंक से कोई मदद नहीं मिली लेकिन सैनिक कैंटीन, दत्तू बाबा पेट्रोल पंप और पुनीत ट्रेडर्स में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की तस्वीर कैद हो गईं. जिसके आधार पर पुलिस द्वारा आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है
