धान उपार्जन में किसानों के हितों की सुरक्षा को प्राथमिकता

सीधी। जिले के किसानों को धान उपार्जन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा उन्हें उनकी उपज का पूरा मूल्य, सही तौल और समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सके इसके लिए प्रशासन द्वारा धान उपार्जन केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए उपार्जन कार्य को पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती प्रियल सिंह ने बताया कि भारत सरकार द्वारा औसत अच्छी गुणवत्ता धान का समर्थन मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। जिले में धान की खरीदी 1 दिसम्बर 2025 से 20 जनवरी 2026 तक की जा रही है ताकि सभी पंजीकृत किसान आसानी से अपनी उपज विक्रय कर सकें। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देश पर राजस्व विभाग खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग सहकारिता विभाग तथा संबंधित संस्थाओं के अधिकारी संयुक्त रूप से उपार्जन केन्द्रों का नियमित एवं औचक निरीक्षण कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों की धान गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ली जाए और किसी भी स्तर पर उन्हें परेशान न किया जाए। इसी क्रम में दिनांक 2 जनवरी 2026 को डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्रियल सिंह एवं आर एम शुक्ला जेएसओ द्वारा चुरहट, सीधी खुर्द एवं मां शारदा स्व सहायता समूह चुरहट (सर्रा) स्थित धान उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया गया।

वहीं एम.एल.बढेरा प्रभारी जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा सीधी खुर्द तथा राजेश कुमार सिंह द्वारा चुरहट उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने धान की गुणवत्ता जांच तौल व्यवस्था भंडारण और परिवहन की स्थिति का अवलोकन किया तथा केन्द्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो और सभी प्रक्रियाएं शासन के निर्देशों के अनुसार हों। प्रशासन ने किसानों को आश्वस्त किया है कि धान उपार्जन अवधि के दौरान निगरानी का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाएगी ताकि जिले के प्रत्येक किसान को उसकी उपज का न्यायसंगत मूल्य और विश्वासपूर्ण व्यवस्था मिल सके।

Next Post

कोहरे की चादर में लिपटा रहा शहर, सर्द हवाओं ने कंपकंपाय

Fri Jan 2 , 2026
शाजापुर। नए साल के दूसरे दिन फिर मौसम ने करवट बदली और लोगों को ठिठुरना पड़ा, जबकि संभावना सर्दी कम होने की थी, लेकिन अचानक आए बदलाव ने मौसम को पूरी तरह सर्द कर दिया. इस दिन नगर में दिनभर कोहरा छाया रहा, जिससे लोगों को सर्दी का सामना करना […]

You May Like