चंडीगढ़ में मेयर समेत तीन पदों के चुनाव की तैयारी

चंडीगढ़, 02 जनवरी (वार्ता) चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए जनवरी के अंत होने वाले चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पिछले चुनावों में हुए विवादों को ध्यान में रखते हुए इस बार कुछ नई व्यवस्थाएं की जा रही हैं। नगर निगम के असेंबली हॉल में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही ऑब्जर्वर के बैठने की व्यवस्था में भी बदलाव किया जा रहा है। इस बार चुनाव हाथ खड़े करके कराए जाने की संभावना है। साथ ही, इस बात पर विशेष नजर रखी जाएगी कि चुनाव के दौरान कोई भी सदस्य किसी को प्रलोभन या धमकी न दे। फिलहाल मेयर चुनाव की तारीख घोषित नहीं हुई है, इसलिए नगर निगम की ओर से अभी नोटिफिकेशन भी जारी नहीं किया गया है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में अधिसूचना जारी होने की संभावना है।

तीनों पदों का कार्यकाल 29 जनवरी तक है। चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डिप्टी कमिश्नर असेंबली हॉल का निरीक्षण करेंगे। डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव आज नगर निगम पहुंच सकते हैं और दोपहर के समय व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। हॉल में मौजूद व्यवस्थाओं और आवश्यक सुधारों को लेकर वे अधिकारियों को दिशा-निर्देश देंगे। सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त होने के बाद चुनाव से संबंधित नोटिस जारी किया जाएगा। उधर, नगर निगम चंडीगढ़ के वार्डों के परिसीमन को लेकर प्रशासन ने एक बड़ा और स्पष्ट फैसला लिया है। चंडीगढ़ प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि नगर निगम के 35 वार्डों की मौजूदा संख्या और सीमाएं यथावत रहेंगी। फिलहाल वार्डों का कोई नया परिसीमन नहीं किया जाएगा और वर्ष 2020 में जारी परिसीमन अधिसूचना ही आगे भी लागू रहेगी। यह आदेश 31 दिसंबर 2025 को चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा जारी किया गया। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जनगणना के नए आधिकारिक आंकड़े अभी तक जारी नहीं हुए हैं, ऐसे में वार्ड परिसीमन में किसी भी तरह के बदलाव की आवश्यकता नहीं समझी गई है।

Next Post

हरे निशान में खुले शेयर बाजार, आईटीसी में चार प्रतिशत की गिरावट

Fri Jan 2 , 2026
मुंबई, 02 जनवरी (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेजी देखी गयी, हालांकि 01 फरवरी से पान मसाला, सिगरेट, बीड़ी और अन्य तंबाकू उत्पादों पर उपकर लगाने और कर बढ़ने के लिए अध्यादेश जारी होने से आईटीसी के शेयरों में चार प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। बीएसई का […]

You May Like