जबलपुर: नए साल के पहले दिन 1 जनवरी को पुलिस थानों में नया रोजनामचा खोला गया। नई डायरी में नए साल की सबसे पहली कायमी कुंडम थाने में रात्रि 12:42 बजे आबकारी एक्ट के तहत दर्ज हुई। जबकि दूसरी एफआईआर अधारताल थाने मेें पिछले साल 2025 में हुई मारपीट की एफआईआर नए साल मेें रात्रि 12:44 बजे हुई है। इसके अलावा मदनमहल, सिहोरा थाने में भी पिछले साल हुई मारपीट की कायमी नए साल में कायमी की गई है।
जानकारी के मुताबिक नए साल की पहली कार्रवाई करते हुए कुण्डम पुलिस ने ग्राम कस्तरा के पास घेराबंदी करते हुए देव सिंह बरकडे पिता नन्हे सिंह बरकडे 45 वर्ष निवासी ग्राम दामाद मोहल्ला कस्तरा को पकड़ा। जिसके कब्जे से कुप्पी में रखी करीब 12 लीटर कच्ची महुआ शराब रात्रि 12 बजे जप्त की हैं। वहीं अधारताल थाना क्षेत्र में कट मारने पर 31 दिसम्बर 2025 को रात्रि 10:30 बजे उपजे विवाद पर विजय मौर्य निवासी संजय नगर पावर हाउस के पास अधारताल के साथ कार सवार राहुल पाण्डेय एवं उसके तीन अन्य साथियों ने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। मदनमहल महल कलारी में अधिवक्ता दीपक कुमार पटैल और उनके दोस्त अमित कोहली ने रात्रि 10:15 बजे एमआरपी ज्यादा रेट में बीयर बेचने का विरोध किया इसके बाद आशीष शिवहरे, बंटी जायसवाल अन्य ने मारपीट की। फरसा से हमला किया। अधारताल और मदनमहल में हुई मारपीट की कायमी नए साल में हुई।
तीन थानों मेें एक समय पर तीन कायमी
मदनमहल, सिहोरा, शहपुरा थाने में एक समय पर रात्रि 1:3 बजे तीन कायमी हुई। मदनमहल थाना क्षेत्र में अधिवक्ता, उनके दोस्त के साथ हुई मारपीट, सिहोरा में पे्रम चौधरी उर्फ कल्लू के साथ बुधवार रात्रि दस बजे उसके जीजा रईस चौधरी ने मारपीट कर बुआ, शीलाबाई, फूफा परनलाल, पवन के साथ भी मारपीट की। जिसकी भी कायमी का समय 1:3 बजे रहा है। इसके अलावा शहपुरा पुलिस ने पंडा बाबा मंदिर के पास वार्ड नं. 01 बिजली खंम्बा के नीचे जुआ खेल रहे पवित्र पटेल, विमलेश रैकवार, आदित्य सिंह, शुभम खटीक, बल्लू को पकड़ा। नगदी 1330 रूपये जब्त किए। जुआ एक्ट की कायमी रात्रि 1:3 बजे हुई।
यहां कोलाहल, आबकारी, मारपीट से शुरूआत
कटंगी थाने में रात्रि 12:49 बजे, ओमती थाने में रात्रि 12:51 बजे, रांझी में रात्रि एक बजे, पनागर थाने में रात्रि 1:29 बजे, ग्वारीघाट थाने में रात्रि 2:33 बजे, गोसलपुर थाने में सुबह 8:43 बजे लार्डगंज थाने में रात्रि 1:55 बजे, गोहलपुर में रात्रि तीन बजे आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज करने के साथ इन थानों के खाते खुले। इसके अलावा हनुमानताल थाने में रात्रि 1:5 बजे, घमापुर थाने में रात्रि 1:16 बजे, बरेला थाने में 2:36 बजे मारपीट की कायमी से शुरूआत हुई। इसके अलावा गुरूवार सुबह चार बजे तिलवारा थाने में पहली कायमी कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत हुई।
