विदिशा: जिला पंचायत में जनपद पंचायत लटेरी एवं जनपद पंचायत कुरवाई के सहायक यंत्रियों एवं उपयंत्रियों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में क्षेत्र में चल रहे सभी प्रकार के निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई.समीक्षा के दौरान कई ऐसे कार्य सामने आए जो वर्ष 2015 से प्रारंभ हुए थे, किंतु आज तक पूर्ण नहीं हो पाए हैं. साथ ही 250 से अधिक कार्य ऐसे पाए गए जो पूर्ण हो चुके हैं, परंतु सीसी (पूर्णता प्रमाण पत्र) जारी नहीं होने के कारण पोर्टल पर अपूर्ण दिखाई दे रहे हैं.
इसी प्रकार कई कार्यों में धारा 89 के अंतर्गत वसूली के प्रकरण लंबित होने से शेष राशि वापस नहीं हो पा रही है, जिससे पंचायतों के पास अनुपयोगी धनराशि पड़ी हुई है. सहायक यंत्रियों द्वारा बताया गया कि पंचायत भवनों एवं सामुदायिक भवनों के लिए आई राशि का आहरण मूल्यांकन के पश्चात करना है, किंतु उपयंत्रियों एवं सहायक यंत्रियों को इसकी जानकारी नहीं होने से सचिवों, सरपंचों द्वारा एडवांस राशि का दुरुपयोग उपयोग किया जा रहा है इस हेतु आवश्यक व्यवस्था वनाने हेतु समान्यसभा कि वैठक में प्रस्ताव पारित किया जायेगा.
बैठक में सहायक यंत्रियों एवं उपयंत्रियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सामग्री का उपयोग मैटेरियल टेस्टिंग के उपरांत ही किया जाए तथा सैंपल प्रयोगशाला में दिए गए सैंपल से मैच होना चाहिए, ग्रेवल सड़कों में वाइब्रेटर रोलर एवं ग्रेडर का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाए, जिससे निर्धारित कंपैक्शन एवं कैम्बर प्राप्त हो सके. जनपद पंचायत कुरवाई की उपयंत्री बैठक में अनुपस्थित रहीं, जिस पर संबंधित को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए. इसके अतिरिक्त विभिन्न जनपदों से आए हितग्राहियों की समस्याओं को सुना गया एवं उनका मौके पर निराकरण किया गया. साथ ही सामाजिक न्याय विभाग के अंतर्गत दो हितग्राहियों को ट्राई साइकिल प्रदान की गई. जिला पंचायत विदिशा द्वारा इन निर्देशों से निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी.
