ईडी ने बैंक धोखाधड़ी मामले में लंदन स्थित 150 करोड़ रुपये की संपत्ति की जब्त

नयी दिल्ली, 31 दिसंबर (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के इंदौर उप-क्षेत्रीय कार्यालय ने ब्रिटेन के लंदन में बकिंघम पैलेस के समीप एक प्रमुख क्षेत्र में स्थित 150 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त किया है। ईडी के सूत्रों के मुताबिक यह अचल संपत्ति नितिन शंभू कुमार कसलीवाल और उनके परिवार के सदस्यों के स्वामित्व में है। प्राथमिकी में एस. कुमार्स नेशनवाइड लिमिटेड के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नितिन शंभू कुमार कसलीवाल पर भारतीय बैंकों के संघ से लगभग 1,400 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। जांच के दौरान ईडी ने तलाशी अभियान चलाया और कई आपत्तिजनक दस्तावेजों के साथ-साथ डिजिटल उपकरण भी जब्त किया। जब्त सामग्रियों का विस्तृत विश्लेषण करने से पता चला कि श्री कसलीवाल ने ब्रिटिश वर्जिन द्वीप समूह (बीवीआई), जर्सी एवं स्विट्जरलैंड सहित कई अपतटीय कर आश्रय में ट्रस्टों एवं कंपनियों का एक जटिल नेटवर्क स्थापित किया था।

जांच में पता चला कि उन्होंने कैथरीन ट्रस्ट (पूर्व में मेसर्स सूर्या ट्रस्ट) नामक एक ट्रस्ट की स्थापना की थी जिसमें वह स्वयं और उनके परिवार के सदस्य प्राथमिक लाभार्थी थे। यह ट्रस्ट जर्सी और ब्रिटिश वर्जिन द्वीप समूह में स्थित ‘कैथरीन प्रॉपर्टी होल्डिंग लिमिटेड (सीपीएचएल)’ नामक कंपनी को नियंत्रित करता था जिसके पास लंदन में उच्च मूल्य की अचल संपत्ति थी। ईडी की जांच में यह भी पता चला कि श्री कसलीवाल ने एस. कुमार्स नेशनवाइड लिमिटेड के माध्यम से बैंकों के संघ को लगभग 1,400 करोड़ रुपये का चूना लगाया और विदेशी निवेश की आड़ में धन को विदेश भेज दिया। बाद में इस धन का उपयोग विदेशओं में अचल संपत्तियों का अधिग्रहण करने के लिए किया गया, जिन्हें विदेशी न्यायालयों में निजी ट्रस्टों एवं कंपनियों की एक जटिल संरचना के माध्यम से छिपाया गया था। आगे की जांच चल रही है।

Next Post

केंद्र का राजकोषीय घाटा नवंबर तक बजट अनुमान के 62 प्रतिशत पर

Wed Dec 31 , 2025
नयी दिल्ली, 31 दिसंबर (वार्ता) केंद्र सरकार का रोजकोषीय घाटा चालू वित्त वर्ष के पहले आठ महीने में नवंबर तक बढ़कर बजट अनुमान के 62 प्रतिशत से ऊपर पहुंच गया है। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि अप्रैल-नवंबर की अवधि में केंद्र की कुल राजस्व प्राप्ति 19,49,239 करोड़ रुपये […]

You May Like