
भोपाल। कला के माध्यम से पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आर्ट डिजाइन टीचर्स फोरम द्वारा प्रकाशित ग्रीन इम्प्रेशंस कैलेंडर का मंगलवार को लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल ने कहा कि कला समाज को संवेदनशील बनाने का सशक्त माध्यम है और ऐसी रचनात्मक पहलें पर्यावरण संवाद को नई दिशा देती हैं। उन्होंने ग्रीन इम्प्रेशंस को कला और सामाजिक चेतना का सुंदर संगम बताते हुए इस तरह के प्रयासों को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एनआईडी मध्यप्रदेश की निदेशक डॉ विद्या राकेश और निफ्ट भोपाल के निदेशक अखिल सहाय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करियर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन मनीष राजोरिया ने की।
कैलेंडर की संकल्पना और कार्यशाला की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी भोपाल में आयोजित आवासीय कार्यशाला में तैयार कलाकृतियों पर आधारित है। इसमें प्लास्टिक कचरे और अनुपयोगी सामग्री से पर्यावरणीय मुद्दों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है। इस कार्यशाला में प्रदेश के 32 कला शिक्षकों ने सहभागिता की।
लोकार्पण के अवसर पर चयनित कला शिक्षकों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। यह कैलेंडर रजा फाउंडेशन नई दिल्ली और करियर डिजाइन स्कूल के सहयोग से प्रकाशित किया गया है।
