
रीवा। जिले के गंगेव विकासखंड स्थित एक शासकीय कन्या हाई स्कूल के छात्रावास में रहने वाली छात्राओं ने विद्यालय के प्राचार्य पर कथित रूप से अशोभनीय व्यवहार और यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्राओं ने इस संबंध में प्रभारी कलेक्टर से लिखित शिकायत की है।
छात्राओं का आरोप है कि प्राचार्य द्वारा बार-बार अनुचित व्यवहार किया जा रहा था। डर और दबाव के चलते वे लंबे समय तक चुप रहीं। बाद में छात्राओं ने पूरी जानकारी अपने अभिभावकों को दी, जिसके बाद सामूहिक रूप से प्रशासन से शिकायत की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने कहा कि शिकायत उनके संज्ञान में आई है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने तक सभी पक्षों को सुना जाएगा और कानून के अनुसार निर्णय लिया जाएगा।
