
बटियागढ़/दमोह। जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई.प्राप्त जानकारी के अनुसार झागरी थाना मगरोंन निवासी पूरन अहिरवार पिता नन्नू निवासी, मंदिर की ओर जा रहे थे.इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार 16 चक्का ट्रक (क्रमांक एम एच 04 एल आई 6935) ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया. मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला. आक्रोशित परिजनों ने करीब एक घंटे तक सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची.मौके पर नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी रजनी शुक्ला, एस.के. दुबे, प्रआ चंद्रहास सहित प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी. अधिकारियों ने उचित कार्रवाई और नियमानुसार सहायता का आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद जाम हटाया गया और यातायात सुचारू रूप से शुरू हुआ.पुलिस ने दुर्घटना में शामिल 16 चक्का ट्रक को हिरासत में ले लिया है तथा चालक के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की जांच जारी है.इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है.स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनास्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
