रीवा: जिले भर में निर्धारित खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन किया जा रहा है. उपार्जन की राजस्व अधिकारियों तथा अन्य अधिकारियों द्वारा खरीदी केन्द्रों का भ्रमण करके निगरानी की जा रही है. इस संबंध में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने बताया कि एसडीएम त्योंथर पीएस त्रिपाठी द्वारा खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया गया. खरीदी केन्द्र चन्द्रपुर में प्रदीप तिवारी तथा समिति प्रबंधक परसिया शैलेन्द्र तिवारी द्वारा बड़ी मात्रा में अवैध धान का भण्डारण पाया गया. इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए एसडीएम ने दोषियों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं.
साथ ही एसडीएम ने उपार्जन केन्द्र परसिया क्रमांक एक के नोडल अधिकारी रामरती देवी एवं परसिया क्रमांक दो के नोडल अधिकारी ऊषा वर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. अपर कलेक्टर ने बताया कि तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार द्वारा 27 दिसम्बर को खरीदी केन्द्र बड़ागांव का निरीक्षण किया गया. यहाँ भी भारी मात्रा में अवैध धान का भण्डारण पाया गया.
एसडीएम त्योंथर ने इस संबंध में कार्यवाही करते हुए धान का भण्डारण करने वाले प्रमोद तिवारी तथा समिति प्रबंधक अमाव राजेन्द्र प्रसाद शर्मा के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को दिए हैं. एसडीएम ने उपार्जन में गंभीर लापरवाही बरतने पर अमाव क्रमांक दो खरीदी केन्द्र के नोडल अधिकारी रवि कुमार कृषि विस्तार अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं. इसी तरह तहसील सिरमौर में मझगवां में व्यापारी महेन्द्र गुप्ता के मकान से भी बड़ी मात्रा में अवैध रूप से भण्डारित धान जप्त की गई. महेन्द्र गुप्ता को भी धान के अवैध भण्डारण के संबंध में कारण बताओ नोटिस देकर कार्यवाही की जा रही है.
