सतना : शहर के जवाहर नगर क्षेत्र में सोमवार को हुए सडक़ हादसे में एक प्रशिक्षु महिला चिकित्सक गंभीर तौर पर घायल हो गईं. दुर्घटना तेज रफ्तार बाइक द्वारा ठोकर मारे जाने से ई-रिक्शा पलटने के कारण होना बताया गया. महिला चिकित्सक का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है.प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के पतेरी क्षेत्र में स्थित समरिटन अस्पताल में डॉ. डैनी प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के तौर पर पदस्थ हैं.
डॉ. डैनी हर रोज जिला चिकित्सालय में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए पतेरी से आती हैं और फिर वापस लौट जाती हैं. इसी कड़ी में सोमवार को भी वे जिला चिकित्सालय में अपना प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद वापस पतेरी स्थित समरिटन की ओर ई-रिक्शा में सवार होकर लौट रही थीं. बताया गया कि जैसे ही ई-रिक्शा जवाहर नगर क्षेत्र में पहुंचा वैसे ही एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने जबरदस्त टक्कर मार दी.
जिसके चलते ई-रिक्शा पलट गया. जबरदस्त ठोकर के चलते डॉ. डैनी गंभीर तौर पर घायल हो गईं. जिसे देखते आस पास मौजूद लोगों द्वारा आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया. जहां पर उन्हें भर्ती कर उपचार किया जा रहा है. बताया गया कि महिला चिकित्सक को गंभीर चाटें आई हैं.
