दुबई, 07 जून (वार्ता) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बल्लेबाज मुहम्मद वसीम और दक्षिण अफ्रीका की ऑलराउंडर क्लो ट्रायोन को मई महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया है।
वसीम ने आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग 2 और बंगलादेश के खिलाफ घरेलू टी-20 श्रृंखला में लगातार अच्छे प्रदर्शन के लिए दूसरी बार इस पुरस्कार से नवाजा गया है। उन्होंने स्कॉटलैंड के ऑलराउंडर ब्रेंडन मैकमुलेन और मिलिंद कुमार को पछाड़ यह पुरस्कार जीता। 31 वर्षीय इस खिलाड़ी ने मध्य क्रम में बल्लेबाजी करते हुए पांच एकदिवसयी मैचों में 169 रन बनाए। उन्होंने इस अंतरराष्ट्रीय टी-20 श्रृंखला में टीम का नेतृत्व किया और पहले दो मैचों में बल्लेबाजी करते हुए 54 और 82 रन बनाए। वसीम को इससे पहले अप्रैल 2024 में भी इस पुरस्कार से नवाजा गया था।
दक्षिण अफ्रीका महिला टीम की ट्रायोन ने श्रीलंका दौर पर तीन एकदिवसीय मैचों में 131.34 की स्ट्राइक-रेट से 176 रन बनाए और कोलंबो में हुई त्रिकोणीय श्रृंखला में छह विकेट लिए। इस टूर्नामेंट में भारत तीसरी टीम थी। ट्रायोन ने 67 (भारत के खिलाफ), 35 और 74 (श्रीलंका के खिलाफ) के स्कोर बनाए। इसके आलवा श्रीलंका के खिलाफ हैट्रिक लगाते हुए 34 रन देकर पांच विकेट लिये थे।
प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार जीतने पर वसीम ने कहा, “मैं दूसरी बार आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार जीतकर बहुत खुश हूँ। मैं आईसीसी और मेरे लिए वोट करने वाले सभी प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूँ। मैं अपनी टीम के सभी सदस्यों और सहयोगी स्टाफ़ का भी शुक्रिया अदा करना चाहता हूँ।”
क्लो ट्रायोन ने कहा, “मुझे इस पुरस्कार की उम्मीद नहीं थी, लेकिन मैं इसे एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखती हूँ। मैं कुछ समय से इसे पाने का प्रयास कर रही थी, इसलिए मुझे खुशी है कि आखिरकार श्रीलंका में यह मिल ही गया।”
