झपकी, हाईटेंशन लाइन और अज्ञात वाहन बने मौत की वजह

इंदौर. शहर में बीते 24 घंटों के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क और दुर्घटना जनित हादसों ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. कहीं ड्राइवर को आई झपकी जानलेवा साबित हुई, तो कहीं मासूम बच्चे की जिज्ञासा और कहीं रोजमर्रा की नौकरी से लौटते युवक की किस्मत ने साथ छोड़ दिया. पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.

तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के उमरीखेड़ा इलाके में सोमवार सुबह दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई. उज्जैन निवासी ड्राइवर अमन पिता रशीद खान मुंबई के दंपति निखिल कोठारी और उनकी पत्नी सलोनी को ओंकारेश्वर दर्शन कराने ले जा रहा था. इसी दौरान ड्राइवर को झपकी आ गई और कार सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई. दूसरी कार में सनावद निवासी ओमप्रकाश, चेतराम और भैयालाल सवार थे. हादसे में भैयालाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुंबई के दंपति सहित कुल छह लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है. वहीं एक दिन पहले चंदन नगर थाना क्षेत्र के नगीन नगर में पतंग उतारने के दौरान 9 वर्षीय गोविंद गौर की दर्दनाक मौत हो गई. बच्चा बिजली के खंभे पर लटकी पतंग उतारने चढ़ा था, तभी वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया था. तेज धमाके के साथ वह करीब 70 प्रतिशत झुलस गया था, आसपास के लोगों ने उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई. इसी तरह गांधी नगर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 26 वर्षीय राजकुमार पिता सुरेश चौधरी निवासी जंबूड़ी हप्सी की जान चली गई. राजकुमार कपड़ा मार्केट में नौकरी करता था और रोज बड़े भाई के साथ काम पर जाता था, लेकिन रविवार को भाई की छुट्टी होने से वह अकेला बाइक से लौट रहा था. गोम्मटगिरि इलाके में किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी. गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस तीनों मामलों में जांच कर रही है.

Next Post

पलासिया व तुकोगंज में 270 छोटी मल्टियां पुलिस की रडार पर, रहवासी संघों को सख्त निर्देश

Mon Dec 29 , 2025
इंदौर. शहर में बढ़ती चोरी की वारदातों के पीछे अब एक बड़ी वजह सामने आई है. कई छोटी बड़ी मल्टीस्टोरी इमारतें सुरक्षा के नाम पर पूरी तरह भगवान भरोसे छोड़ दी गई हैं. जहां पर न तो चौकीदार हैं, और न ही कैमरे यहां तक की यहां पर आने जाने […]

You May Like