गांव की बदलेगी तस्वीर, कानीपुरा क्षेत्र में बनेगा स्पोर्ट कॉम्प्लेक्स

उज्जैन: सिंहस्थ के मद्देनजर शहरी क्षेत्र में जितनी सौगात मध्य प्रदेश सरकार द्वारा दी जा रही है उतना ही गांव का भी ध्यान रखा जा रहा है. शहरी क्षेत्र से जुड़े कानीपुरा गांव में 3 करोड़ 47 लाख की राशि से एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा जिसमें शहरी के साथ-साथ गांव में बसने वाली खेल प्रतिभाओं को भी एक बड़ा मंच मिलेगा.मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को उज्जैन प्रवास पर रहेंगे.

इस दौरान नानाखेड़ा क्षेत्र में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए शहर को लगभग 129 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी. कार्यक्रम में विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह दौरा उज्जैन के विकास की दिशा में एक और मजबूत कदम माना जा रहा है. आने वाले समय में इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल सिंहस्थ-2028 का सफल आयोजन सुनिश्चित होगा, बल्कि उज्जैन के नागरिकों को भी बेहतर सड़कें, सुविधाएं और आधुनिक अधोसंरचना का लाभ मिलेगा.

प्रत्येक क्षेत्र का ध्यान
पंवासा क्षेत्र में ईडब्ल्यूएस कॉलोनी का विकास, कानपुरा में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण तथा कपिला गौशाला के संवर्धन जैसे कार्य सामाजिक और जनहित से जुड़े हुए हैं. इससे आवास, खेल और पशु-कल्याण के क्षेत्र में भी नई सुविधाएं विकसित होंगी.

2 साल बेमिसाल अभियान
प्रदेश सरकार के दो साल बेमिसाल अभियान के अंतर्गत उज्जैन को यह बड़ी सौगात मिलने जा रही है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जिन कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा, वे न केवल शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएंगे, बल्कि सिंहस्थ-2028 के दौरान आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए भी मील का पत्थर साबित होंगे.

सिंहस्थ के मद्देनजर उल्लेखनीय कार्य
नागर निगम उज्जैन के माध्यम से शहर के प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण, नई सड़कों के निर्माण, कॉलोनी विकास, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तथा गौशाला विकास जैसे कार्य शामिल हैं. नानाखेड़ा चौराहे से शांति पैलेस एमआर-2 मार्ग, सांदीपनि चौराहे से उदयन मार्ग, हरिफाटक, नीलगंगा, दौड़ चौराहा, गाड़ी अड्डा जैसे व्यस्त क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण से यातायात दबाव में उल्लेखनीय कमी आएगी.

बड़े निर्माण भी तेजी से चल रहे
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर उज्जैन में बड़े पैमाने पर अधोसंरचना विकास किया जा रहा है. शहर में मेडिसिटी का आगमन हेलिपैड निर्माण,
एयरपोर्ट विकास मेट्रो ट्रेन परियोजना सिक्स-लेन और फोर-लेन सड़कों का निर्माण जैसे कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. इन सभी योजनाओं से उज्जैन को धार्मिक नगरी के साथ-साथ एक आधुनिक शहर के रूप में नई पहचान मिल रही है.

आज होने वाले भूमि पूजन और लोकार्पण पर एक नजर
कपिला गौशाला का संवर्धन तथा विकास कार्य- 9.50 करोड़,नानाखेड़ा चौराहे से शांति पैलेस एम.आर.-2 मार्ग का चौड़ीकरण कार्य 9.44 करोड़,सांदीपनि चौराहे से उदयन मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण एवं सेंट्रल डिवाइडर कार्य, 13.12 करोड़, राजस्व कॉलोनी मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण कार्य – 3.95 करोड़,पंवासा क्षेत्र में ईडब्ल्यूएस कॉलोनी का विकास कार्य, 8.75 करोड़, हनुमान नाका से हरिफाटक तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य- 5.93 करोड़, नीलगंगा चौराहे से हरिफाटक ब्रिज तक मार्ग विकास कार्य 8.89 करोड़, कानीपुरा में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण, 3.47 करोड़, दो तालाब तक सड़क चौड़ीकरण कार्य- 9.68 करोड़, ढांचा भवन से एमआर-5 तक सड़क चौड़ीकरण कार्य- 12.82 करोड़, गाड़ी अड्डा चौराहे से ढांचा भवन होते हुए रणकेश्वर महादेव मंदिर तक एम.आर.-4 रोड चौड़ीकरण कार्य- 38.38 करोड़ यह सभी भूमि पूजन और लोकार्पण कार्य मिलाकर कुल सौगात लगभग 129 करोड़ रुपये की है, जो आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा उज्जैन को दी जाएगी

Next Post

भाजपा के लोकतंत्र खत्म करने वाले षड्यंत्र का होगा विरोध

Mon Dec 29 , 2025
इंदौर: कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में पार्टी का 140 वा स्थापना दिवस मनाया गया. इस दौरान उपस्थित कांग्रेसियों ने लोकतंत्र खत्म करने के षडयंत्र का विरोध करने का संकल्प लिया. साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का सम्मान किया गया.स्थापना दिवस पर सेवादल अध्यक्ष मुकेश यादव ने कांग्रेस पार्टी का […]

You May Like