
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और त्वरित कार्यप्रणाली से यात्रियों का भरोसा जीता है। विगत गुरुवार को रेल मदद 139 पर प्राप्त सूचना के अनुसार ट्रेन संख्या 12141 पाटलिपुत्र सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कोच S2 की बर्थ सं. 41 पर यात्रा कर रही 9 माह की गर्भवती महिला यात्री नसरीन खातून पति मोहम्मद कादिर को अचानक प्रसव पीड़ा आरम्भ हो गई। सूचना मिलते ही सतना स्टेशन पर मौजूद ऑन-ड्यूटी कमर्शियल एवं मेडिकल टीम अलर्ट मोड पर आ गई। ट्रेन के सतना आउटर पर पहुँचने से पहले ही महिला ने गाड़ी में ही बच्ची को जन्म दे दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उप स्टेशन प्रबंधक सुभाष चौरसिया, मेडिकल स्टाफ प्रेम बहादुर, और सतना स्टेशन के कुलियों ने मिलकर अत्यंत तत्परता से माँ और नवजात को सुरक्षित ट्रेन से उतारा।
