दिल्ली के कई क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 से ऊपर, न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री

नयी दिल्ली, 28 दिसंबर (वार्ता) राजधानी दिल्ली में रविवार को प्रदूषण का स्तर बढ़ने से वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘बहुत खराब’ श्रेणी में चला गया । इसकी वजह से बुजुर्गों और सांस की बीमारियों से पीड़ित लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के डेटा के अनुसार, शहर का कुल एक्यूआई 385 रहा। कई क्षेत्रों में पर प्रदूषण का स्तर चिंताजनक रहा, जिसमें आनंद विहार एक बार फिर 445 के साथ सबसे ज़्यादा प्रदूषित इलाकों में से एक रहा। वज़ीरपुर 437 के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि जहांगीरपुरी और नरेला में एक्यूआई का स्तर क्रमशः 433 और 435 रहा। बवाना में 423, आर के पुरम में 414, द्वारका में 401 और रोहिणी में लगभग 429 दर्ज किया गया। अलीपुर (385) और आया नगर (344) जैसे अन्य इलाके भी बहुत ज़्यादा प्रदूषित रहे।

मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि सुबह 8.30 बजे न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। सुबह के शुरुआती घंटों में दृश्यता तेज़ी से कम हो गई क्योंकि घने कोहरे ने राजधानी के बड़े हिस्सों को ढक लिया था। सफदरजंग में सुबह आठ बजे सिर्फ 100 मीटर और पालम में लगभग 500 मीटर दृश्यता दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में सुबह की सामान्य आवाजाही बाधित हुई।

गौरतलब है कि केंद्र के वायु गुणवत्ता पैनल ने बुधवार को प्रदूषण के स्तर में थोड़े सुधार के बाद ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के स्टेज चार को हटाने का फैसला किया था, जब एक्यूआई ‘बहुत खराब’ से ‘खराब’ श्रेणी में आ गया था।

Next Post

वार्षिकी 2025 सोना : आम आदमी की पहुंच से दूर हुआ सोना, निवेशकों की चांदी

Sun Dec 28 , 2025
नयी दिल्ली, 28 दिसंबर (वार्ता) वैश्विक स्तर पर जारी भू-राजनैतिक और व्यापार तनावों के बीच पिछले एक साल में सोने-चांदी में जबरदस्त तेजी रही और एक तरफ जहां दोनों कीमती धातु आम लोगों की पहुंच से दूर हो गयीं, वहीं निवेशकों को खूब फायदा हुआ। एमसीएक्स इंडिया के आंकड़ों के […]

You May Like

मनोरंजन