इंदौर: एमवाय अस्पताल में हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी की उपचार के दौरान मौत हो गई. कैदी को गंभीर तबीयत बिगड़ने पर बड़वानी जेल से इंदौर रेफर किया था.मृतक की पहचान गर्जारी पिता अमरसिंह उम्र 60 वर्ष, निवासी बड़वानी के रूप में हुई है. गर्जारी को अपने ही एक रिश्तेदार की हत्या के मामले में दोषी करार दिया गया था और वह बड़वानी जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था.
बताया जा रहा है कि कैदी गर्जारी लंबे समय से हृदय रोग से पीड़ित था. 25 दिसंबर को जेल में अचानक उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे तत्काल इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया. यहां पिछले तीन दिनों से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही थी, लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका. इलाज के दौरान 27 दिसंबर को कैदी ने दम तोड़ दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी, पुलिस मामले की जांच कर रही है
