ग्वालियर: ग्वालियर के हर गली मोहल्ले में आयोजित हो रहे हिंदू सम्मेलनों के लिए आज रविवार को कहीं भूमि पूजन हो रहे हैं तो कहीं सनातनियों की टोलियां मोहल्ले मोहल्ले परिवारों से सम्पर्क कर रही हैं। कई स्थानों पर रामधुन तो कई जगह जनजागरण के लिए प्रभात फेरी निकालकर हिंदू सम्मेलन के लिए आमंत्रण पहुँचाने का कार्य जारी है। इसी क्रम में ग्वालियर सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में आयोजित होने वाले हिंदू सम्मेलन के लिए भूमि पूजन रविवार की सुबह कई स्थानों पर किए गए। शाम को कई बस्तियों में सम्मेलन भी होंगे।
रामकृष्ण नगर में 4 जनवरी को हिंदू सम्मेलन होगा जिसके लिए भूमि पूजन आज प्रातः पंत नगर पार्क महलगांव में किया गया। पटेल नगर, कैलाश विहार पार्क, सिटी सेंटर, लाल टिपारा बस्ती, आदर्श गौशाला, एमएच बस्ती, बीजासेन गार्डन में आज सुबह भूमिपूजन हुए। आज 28 दिसंबर को विनयेश्वर बस्ती के हिन्दू सम्मेलन से पहले सनातन रहवासियों द्वारा विनयेश्वर महादेव मंदिर पर सुन्दरकाण्ड पाठ किया गया जिसमें बस्ती के पुरुषों के साथ ही भारी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।
आज सुबह नियमित प्रभात फेरी में बस्ती के पुरुष और महिलाएं शामिल हुए। वहीं बस्ती की मातृशक्ति अमृतेश्वर महादेव मन्दिर से 108 कलशों की मंगल यात्रा प्रारम्भ कर बस्ती के विभिन्न मार्ग एवं मन्दिरों से होती हुई दोपहर 2 बजे सम्मेलन स्थल विनयेश्वर पार्क पर पहुंचेंगी। सम्मेलन में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य क्षेत्र के क्षेत्र कार्यवाह अशोक अग्रवाल, विशेष अतिथि अयोध्या से पधारे संत श्री सुधीर शरण महाराज के साथ ही विदुषी रेखा भदौरिया का उद्बोधन होगा।
