मुंबई, 16 अगस्त (वार्ता) महाराष्ट्र में मुंबई के उपनगर वर्षा नगर विक्रोली इलाके की जनकल्याण सोसाइटी में आज तड़के भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक मकान के ढह जाने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।
यह घटना तड़के करीब 02:39 बजे उस समय हुई जब भारी बारिश के कारण एक पहाड़ी से मिट्टी और पत्थर खिसककर ढलान के नीचे स्थित झोपड़ी पर गिर गया। झोपड़ी में निवासरत मिश्रा परिवार के चार सदस्य मलबे में दब गए थे ।
मुंबई अग्निशमन ब्रिगेड (एमएफबी) ने दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वार्ड कर्मचारियों के साथ एक बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा। आपातकालीन सहायता दल ने मलबे में दबे लोगों को निकालकर राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया जहां अस्पताल अधिकारियों के अनुसार दो पीड़ितों ने भर्ती होने से पहले ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान 19 वर्षीय शालू मिश्रा और 50 वर्षीय सुरेश मिश्रा के रूप में हुई है। दो अन्य 45 वर्षीय आरती मिश्रा और 20 वर्षीय ऋतुराज मिश्रा गंभीर रूप से घायल हुए हैं , हालांकि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
