
इंदौर। सोशल मीडिया पर चल रहे आपसी विवाद अब गंभीर मोड़ पर पहुंचते नजर आ रहे हैं. इंदौर में एक सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है. धमकी देने वाले ने फोन पर चेतावनी देते हुए कहा कि हत्या कर शव चंबल नदी में फेंक दिया जाएगा. मामले की शिकायत थाने में दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
घटना शनिवार की बताई जा रही जब सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर वीर शर्मा अपने कुछ साथियों के साथ एमआईजी थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा. आवेदन में वीर ने बताया कि उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात युवक का कॉल आया था. कॉल करने वाले ने धमकी दी कि यदि उसने आगे से सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर धर्मेंद्र बिलोटिया के खिलाफ कुछ भी कहा, तो उसे जान से मार दिया जाएगा और शव चंबल नदी में फेंक दिया जाएगा. वीर का आरोप है कि हाल ही में उसने सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र बिलोटिया को लेकर कुछ बयान दिए थे, जिसके बाद से उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं. सिर्फ फोन कॉल ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भी उसे डराने की कोशिश की जा रही है. धमकी के बाद से वीर और उसके परिजन दहशत में हैं. मामले में एमआईजी थाना प्रभारी सीबी सिंह ने बताया कि वीर शर्मा शनिवार दोपहर थाने आया था और उसने पूरे घटनाक्रम को लेकर लिखित शिकायत दी है. पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. धमकी देने वाले मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि धमकी किसी एक व्यक्ति ने दी है या इसके पीछे कोई संगठित समूह सक्रिय है. वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पुराने वीडियो और बयानों को भी जांच के दायरे में लिया है.
