
सिंगरौली। थाना जियावन पुलिस ने ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1 लाख 76 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।
यह कार्रवाई एसपी मनीष खत्री के निर्देशानुसार, एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी डॉ. गायत्री तिवारी के सतत पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी जियावन रोशनी कुर्मी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस चोरी के मामले में सटीक रणनीति अपनाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। प्रकरण के अनुसार 23 दिसंबर को फरियादी पंकज सोनी ने थाना जियावन में सूचना दी थी कि अज्ञात चोरों ने उनकी ज्वेलरी शॉप के शटर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया।
तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को चिन्हित किया और उनसे सख्ती से पूछतांछ की। पूछतांछ के दौरान एक आरोपी ने चोरी की वारदात को स्वीकार करते हुए अपने अन्य साथियों के नाम भी उजागर कर दिए। इसके बाद पुलिस ने त्वरित दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में साहिल सोनी उर्फ बेटू उम्र 21 वर्ष निवासी समदा, आदिल खान उम्र 20 वर्ष निवासी नौढ़िया आबाद तथा आर्यन तिवारी उर्फ रवि नंदन तिवारी उम्र 24 वर्ष निवासी बरवानी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.76 लाख रुपये है, विधिवत जप्त कर लिए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
