जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र की महाराजपुर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 5 से 6 लाख रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर से एक लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। वारदात के बाद पड़ोस में लगे CCTV कैमरों में संदेही कैद हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित ओम प्रकाश मुड़िया महाराजपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहते हैं। गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2 बजकर 4 मिनट पर जब परिवार घर पर मौजूद नहीं था, तब अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद चोर नकदी और कीमती जेवरात समेत करीब 5 से 6 लाख रुपए का माल लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद पड़ोसियों के घरों के बाहर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिनमें संदेही दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने पर अधारताल थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदेहियों की पहचान करने और चोरी की वारदात का खुलासा करने में जुटी है।
