मुरैना: जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आज दौरे से ठीक पहले शुक्रवार दोपहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष मधुराज तोमर और शहर जिलाध्यक्ष गजेंद्र जाटव (सिंधी) को उनके घरों पर नजरबंद कर दिया है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने बिजली, पानी, साफ-सफाई और जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं जैसी विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के घेराव और उन्हें ज्ञापन सौंपने की घोषणा की थी।
घेराव और प्रदर्शन के इस ऐलान को विफल करने तथा मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल इन नेताओं के आवास पर पहुंचा और उन्हें डिटेन कर लिया।
नेताओं की गिरफ्तारी इसके अतिरिक्त, नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने जा रहे कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष विनीत कंसाना को भी पुलिस ने रास्ते से गिरफ्तार कर लिया।
राजनीतिक हलचल तेज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन से ठीक पहले की गई इस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद चंबल अंचल की राजनीति गरमा गई है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों में भारी रोष व्याप्त है। मुरैना सिटी कोतवाली थाना पुलिस न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष के निवास पर पहुंची।
