
गुना। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे बाहर से आए मेहमानों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं।
ताजा घटनाक्रम शहर के टेकरी रोड निवासी तरुण राठौर के साथ घटित हुआ है, जो वर्तमान में अमेरिका की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और इन दिनों अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने के लिए गुना आए हुए हैं। शुक्रवार रात करीब 9 बजे जब तरुण अपने घर से सिसौदिया कॉलोनी स्थित एक दोस्त से मिलने जा रहे थे, तभी दुर्गा कॉलोनी के पास 6 से 8 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। बदमाशों ने जबरदस्ती करते हुए तरुण को शांति पब्लिक स्कूल के पास एक सुनसान खेत में ले जाकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। तरुण का दावा है कि मारपीट के दौरान बदमाशों ने युवक से दो चांदी की चेन और 5000 रुपए नकद लूट लिए। बदमाशों की लूट की नीयत यहीं खत्म नहीं हुई उन्होंनेने तरुण को डरा-धमकाकर उनसे यूपीआई ट्रांजैक्शन के जरिए और भी पैसों की मांग की। गनीमत रही कि वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर उन पर पड़ी, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं, खासकर पुलिस और परिजनों के बयानों में दिख रहे विरोधाभास नजर आ रहा है। सिटी कोतवाली टीआई सीपीएस चौहान का कहना है कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और फिलहाल कोई भी आरोपी पकड़ में नहीं आया है। वहीं, दूसरी ओर पीड़ित के परिजनों का दावा है कि कुछ लड़कों को पुलिस ने पकड़ लिया है। अब पुलिस के आधिकारिक बयान और परिजनों के दावे में कौन सही है और कौन गलत, यह जांच का विषय है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
