छतरपुर में एक ही जगह बुलाए गए 100 से ज्यादा निगरानी बदमाश

छतरपुर। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने बीती शाम व्यापक कार्रवाई की। इस अभियान के तहत शहर के कोतवाली, सिविल लाइन और ओरछा रोड थाना क्षेत्रों से 100 से अधिक चिन्हित एवं सूचीबद्ध बदमाशों को बस स्टैंड स्थित पुलिस सहायता केंद्र पर तलब किया गया।

कार्रवाई के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी की। उनके साथ सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह, ओरछा रोड थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी और स्टाफ भी उपस्थित रहा। अधिकारियों ने बुलाए गए सभी बदमाशों को स्पष्ट और सख्त शब्दों में चेतावनी दी।

पुलिस द्वारा प्रत्येक व्यक्ति की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली गई। उनके सामाजिक व्यवहार, क्षेत्र में गतिविधियां और सोशल मीडिया पर सक्रियता की भी बारीकी से जांच की गई। साथ ही पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की समीक्षा कर यह परखा गया कि सूचीबद्ध होने के बाद किसी ने दोबारा कानून का उल्लंघन तो नहीं किया है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आगामी नए साल और अन्य धार्मिक व सामाजिक आयोजनों के दौरान शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, दहशत फैलाने या कानून तोड़ने की कोशिश करने वालों पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी। नगर पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि सूचीबद्ध बदमाशों पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए।

Next Post

तीर्थधाम ज्ञानोदय में कल होगा डॉ. संजीव कुमार गोधा आत्मार्थी निलय का भव्य शिलान्यास

Sat Dec 27 , 2025
दीवानगंज। तीर्थधाम ज्ञानोदय में आज डॉ. संजीव कुमार गोधा आत्मार्थी निलय के भव्य शिलान्यास समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः जिनेन्द्र अभिषेक एवं पूजन के साथ होगी, जिसके पश्चात शिलान्यास सभा एवं विधि संपन्न कराई जाएगी। संरक्षक एवं प्रवक्ता अरुण वर्धमान ने बताया कि समारोह में केंद्रीय […]

You May Like