बीजापुर, 27 दिसंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र के एर्रापल्ली गांव में माओवादियों ने पूर्व नक्सली की निर्मम हत्या कर दी है।
यह घटना शुक्रवार रात लगभग 10 बजे की बताई जा रही है, जब हथियारबंद नक्सलियों ने गांव में घुसकर धारदार हथियार से एक व्यक्ति पर हमला कर उसकी जान ले ली। इस वारदात के बाद पूरे गांव में भय और आतंक का माहौल व्याप्त है।
सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान पूर्व नक्सली पुनेम बुदरा के रूप में हुई है। ऐसा बताया जा रहा है कि नक्सलियों को उस पर पुलिस के लिए मुखबिरी करने का संदेह था। इसी शक के आधार पर नक्सलियों ने उसे मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के मुताबिक पुनेम ने वर्ष 2022 में आत्मसमर्पण किया था। आत्मसमर्पण के बाद वह कुछ समय तक बाहर रहा और गत जुलाई से अपने पैतृक गांव एर्रापल्ली में ही रह रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय गांव में अचानक नक्सलियों की मौजूदगी से लोग सहम गए और किसी ने विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटाई। वारदात को अंजाम देने के बाद नक्सली जंगल की ओर फरार हो गए। घटना की खबर मिलते ही आसपास के गांवों में भी दहशत फैल गई है और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हैं।
घटना की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों को अवगत कराया गया है। क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त बल रवाना किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन की ओर से यह घटना, नक्सल घटना है इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
