ग्वालियर: स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत भिंड रोड स्थित ग्वालियर फोर्ट थीम के प्रवेश द्वार पर निर्माणाधीन संरचना की बाहरी दीवार देर रात अचानक टूट गई। दीवार क्षतिग्रस्त होने की घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया तथा घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा कारणों की जांच तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता और संरचनात्मक मजबूती की जांच के लिए जांच समिति का गठन किया गया है।
जांच समिति में रजनीश देवेश, प्रभारी कार्यपालन यंत्री, नगर निगम ग्वालियर एवं संकल्प गोलिया, कार्यपालन यंत्री, लोकनिर्माण विभाग (भवन), मंडल ग्वालियर को शामिल किया गया है। साथ ही समिति को निर्देशित किया गया है कि वह तत्काल साइट का भ्रमण कर घटना की विस्तृत जांच करे। साथ ही निर्माण कार्य से संबंधित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तात्कालिक एवं दीर्घकालिक रिपोर्ट तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को शीघ्र प्रस्तुत करना सुनिश्चित करे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित हो।
