इंदौर:शहर में अवैध हथियारों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने अलग अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए हथियारों के साथ आरोपियों को पकड़ा है. तेजाजी नगर, कनाड़िया और बाणगंगा थाना क्षेत्रों में की गई इन कार्रवाइयों में देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, धारदार फलिया और खटकेदार चाकू जब्त किए हैं. सभी मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
तेजाजी नगर थाने में पदस्थ सबउपनिरीक्षक राकेश सोलंकी ने बताया कि थाना क्षेत्र में मछली फार्म तालाब के पास देर रात कार्रवाई की गई. पुलिस ने मौके से दो युवकों को हथियारों के साथ पकड़ा. जांच में सामने आया कि एक आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस मिले, जबकि दूसरे आरोपी के कब्जे से लोहे की टामी और लोहे की पत्ती बरामद हुई. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25 व 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
इसी तरह कनाड़िया थाना क्षेत्र में स्नेहजीव गार्डन के पास बिचौली हप्सी रोड पर पुलिस ने एक युवक को धारदार हथियार के साथ पकड़ लिया. प्रधान आरक्षक पंकज जाधव ने बताया कि आरोपी के पास से लोहे का तेज धारदार फलिया बरामद हुआ. आरोपी के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है. वहीं बाणगंगा थाना क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग के पास सुनसान इलाके में एक नाबालिग को खटकेदार चाकू के साथ पकड़ा. प्रधान आरक्षक विजय शंकर दुबे ने बताया कि मौके से नया पैटर्न का तेजधार वाला चाकू जब्त किया.
आरोपी के खिलाफ धारा 25(1)(बी)(बी) आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है. तीनों मामलों में अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. सभी मामलों में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि हथियार कहां से लाए गए और किसी वारदात को अंजाम देने की मंशा तो नहीं थी.
