छतरपुर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की दीवारों को आकर्षक एवं जनजागरूकता से भरपूर बनाने के उद्देश्य से इन दिनों चित्रकला पेंटिंग का कार्य किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से जिले में यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों को रंगों और चित्रों के जरिए आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।
दीवारों पर बनाई जा रही इन पेंटिंग्स में हेलमेट पहनने की अनिवार्यता, ट्रैफिक सिग्नल का पालन, सुरक्षित गति से वाहन चलाने तथा सड़क पर अनुशासन बनाए रखने जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया है। खास बात यह है कि इस अभिनव प्रयास में स्थानीय कॉलेज के छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं और अपनी कला प्रतिभा से सामाजिक संदेश दे रहे हैं।
इन रचनात्मक चित्रों से न केवल एसपी कार्यालय की दीवारें सौंदर्यपूर्ण बन रही हैं, बल्कि राहगीरों और कार्यालय आने वाले लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का सशक्त माध्यम भी बन रही हैं। प्रशासन का मानना है कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों से युवाओं की सहभागिता बढ़ती है और यातायात सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनमानस में सकारात्मक सोच विकसित होती है।
