भारत सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगा

तिरुवनंतपुरम 25 दिसंबर (वार्ता) हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय महिला टीम शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ तीसरे मुकाबले में जीत दर्ज कर सीरीज में अजेय बढ़त बनाने उतरेगी।

भारत और श्रीलंका के बीच पांच मैचों की अंतरराष्ट्रीय टी-20 सीरीज का तीसरा मैच कल खेला जाएगा। भारत इस समय सीरीज में 2-0 से आगे है और उनके पास तीसरा मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने का अवसर है। वहीं अगर श्रीलंका की टीम को इस सीरीज में बने रहना है तो उसे यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। मौसम विभाग के अनुसार तिरुवनंतपुरम में शाम को बादल छाये रहने की संभावना है।

दीप्ति शर्मा हल्के बुखार के कारण विशाखापट्टनम में दूसरा मैच नहीं खेल पाई थीं। उनकी जगह पर स्नेह राणा को एकादश में शामिल किया गया था और उन्होंने प्रभावित भी किया था। हालांकि तीसरे टी-20 में दीप्ति की वापसी की संभावना है जो कि महिला टी-20 में 150 विकेट लेने से मात्र दो विकेट दूर हैं।

अगर पिच और परिस्थितियां की बात की जाये तो यह तिरुवनंतपुरम में पहला महिला टी-20 मैच होगा। अब तक यहां पुरुषों के चार टी-20 मैच खेले गए हैं, सबसे हालिया टी-20 मैच नवंबर 2023 में खेला गया था। पहले तीन मैच में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को मुश्किल हुई लेकिन चौथे मैच में ऑस्ट्रेलिया द्वारा पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने के बाद भारत ने यहां 235 का स्कोर खड़ा किया।

शुक्रवार शाम को ग्रीनफील्ड स्टेडियम में बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि बारिश होने की उम्मीद कम है।

दोनों टीमें इस प्रकार है:-

भारत (संभावित एकादश) :- स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), स्नेह राणा/दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, वैष्णवी शर्मा और एन श्री चरणी ।

श्रीलंका (संभावित एकादश) : चामरी अटापट्टू (कप्तान), विष्मी गुणारत्ने, हसिनी परेरा, हर्षिता समराविक्रमा, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशिनी नुत्यांगना (विकेटकीपर), कविशा दिलहारी, मल्की मदारा, इनोका रनावीरा, काव्या कविंदी और शशिनी गिम्हानी

 

 

Next Post

स्क्रैप व्यापारियों ने टैक्स चोरी के साथ किया करोड़ों का गड़बड़झाला 

Thu Dec 25 , 2025
जबलपुर। केन्द्रीय जीएसटी जबलपुर ने टैक्स चोरी के खिलाफ स्क्रैप कारोबार से जुड़ी शहर की फर्मों के सात ठिकानों में बुधवार से छापेमार कार्रवाई की जो गुरूवार को भी जारी रही। दस्तावेजों, माल और इससे जुड़े दस्तावेजों की जांच, स्टॉक, लेखा-जोखों की पड़ताल में करोड़ों की हेराफेरी सामने आई है। […]

You May Like