
इंदौर. सहेली के बेटे की शादी में शामिल होने गोवा से इंदौर आई एक रिटायर्ड महिला प्रोफेसर का आभूषणों से भरा पर्स चोरी हो गया. तिलक समारोह के दौरान रिसोर्ट में कुर्सी पर रखा पर्स पीछे बैठे युवक ने मौका पाकर उड़ा लिया. घटना की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक युवक पर्स उठाते हुए दिखाई दिया है, जिसकी तलाश की जा रही है.
कनाडिया थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि 62 वर्षीय नीलिमा सावंगीकर निवासी रिसारा एगीगेट, करण झलेम जंक्शन, गोवा अपनी सहेली के बेटे की शादी के चलते इंदौर आई थीं. बुधवार को भंडारी रिसोर्ट में तिलक का कार्यक्रम चल रहा था. नीलिमा एक कुर्सी पर बैठी थीं, पास की कुर्सी खाली होने पर उन्होंने अपना पर्स वहां रख दिया. इसी दौरान पीछे बैठे एक युवक ने ध्यान भटकने का फायदा उठाया और पर्स लेकर निकल गया. नीलिमा ने पुलिस को बताया कि पर्स में सोने की चेन, नेकलेस, सोने का लॉकेट, दो जोड़ी सोने के झुमके, करीब 14 हजार रुपए नकद और मोबाइल रखा हुआ था. कुछ देर बाद पर्स रिसोर्ट की पार्किंग में पड़ा मिला, लेकिन उसमें रखा सारा सामान गायब था. स्टाफ को सूचना देने के बाद नीलिमा थाने पहुंचीं और एफआईआर दर्ज कराई. यादव ने बताया कि रिसोर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक युवक पर्स उठाते हुए नजर आ रहा है. फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.
