
जबलपुर। दिव्यांग महिला का मुंह दबाने वाली भाजपा नेत्री अंजू भार्गव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने एक्शन लेते हुए कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है ।
विदित हो कि पिछले दिनों से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था जिसमें भाजपा जबलपुर नगर उपाध्यक्ष अंजू भार्गव ने दिव्यांग महिला से बहस करते नजर आ रही है। इस दौरान वे अपशब्द कहते झुमा-झपटी करती दिखाई दे रही है।
घटना 20 दिसंबर की बताई जा रही है। गोरखपुर क्षेत्र स्थित एक चर्च परिसर में हिंदू संगठनों की ओर से कथित रूप से जबरन मतांतरण के विरोध में प्रदर्शन किया जा रहा था। वीडियो तभी का है जो वायरल हुआ है। जिसके बाद पार्टी ने नोटिस जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित संगठन है। पदाधिकारियों से समाज में मर्यादित, संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। विशेष रूप से दिव्यांगजन एवं महिलाओं के प्रति असंवेदनशील आचरण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। नोटिस के माध्यम से अंजू भार्गव को निर्देशित किया गया है कि वह नोटिस प्राप्ति के सात दिवस के भीतर उक्त घटना के संबंध में अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
