रायगढ़, 24 दिसंबर ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा वन परिक्षेत्र अंतर्गत लमडाड़–तोलगे एंकरा क्षेत्र में हाथियों के एक बड़े दल की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि लगभग 18 हाथियों का दल क्षेत्र में विचरण कर रहा है, जिसने कई ग्रामीण घरों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही खेतों में लगी फसलों को भी बर्बाद कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह कर्रा नाला क्षेत्र में हाथियों के दल ने तीन घरों को तोड़ दिया। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जो राहत की बात है। हाथियों के दल में शावक हाथी भी शामिल होने के कारण स्थिति को और अधिक संवेदनशील माना जा रहा है।
हाथियों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में सतत निगरानी बढ़ा दी है। वन अमले द्वारा हाथियों की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है तथा उन्हें सुरक्षित दिशा में खदेड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है और कहा है कि किसी भी आपात स्थिति या हाथियों की गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें। फिलहाल पूरे प्रभावित क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और वन विभाग की टीम लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रही है।
