श्रीलंका के कुछ खिलाड़ी ILT20 में खेल रहे थे, लेकिन श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें बीच टूर्नामेंट में ही वापस देश बुला लिया।
दुबई में इन दिनों ILT20 के मैच खेले जा रहे हैं, जिसमें टी20 फॉर्मेट के रिटायर्ड और एक्टिव प्लेयर्स एक साथ खेलते नजर आते हैं। इस टूर्नामेंट में श्रीलंका की टीम के कुछ एक्टिव प्लेयर्स भी भाग ले रहे थे। लेकिन श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने अचानक अपने खिलाड़ियों को बीच टूर्नामेंट में ही स्वदेश लौटने का आदेश दे दिया। यह फैसला 28 दिसंबर को MI एमिरेट्स और गल्फ जायंट्स के बीच होने वाले मैच से पहले लिया गया।
टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए लिया गया फैसला
SLC ने अपने सभी खिलाड़ियों को ILT20 से वापस बुलाया है ताकि वे आने वाले T20 वर्ल्ड कप की तैयारी पर ध्यान केंद्रित कर सकें। इस वजह से पथुम निसांका और नुवान तुषारा गल्फ जायंट्स के बाकी मैचों में नहीं खेल पाएंगे। वहीं कामिंदु मेंडिस भी MI एमिरेट्स के लिए आगे के मैचों में उपलब्ध नहीं रहेंगे। बोर्ड ने इस फैसले के पीछे खिलाड़ियों की तैयारी और फॉर्म को प्राथमिकता देने की वजह बताई है।
