
जबलपुर। जिले के ग्राम मुड़ारी में निर्माणाधीन रिंग रोड किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। किसानों ने बताया कि रिंग रोड निर्माण के दौरान जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से उनकी कृषि भूमि में वर्षा व धान का पानी भर गया है, जिससे करीब 50 से 60 एकड़ धान की फसल प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
ग्राम मुहारी निवासी किसान गनपत पटेल ने बताया कि उनकी भूमि करियावाह क्षेत्र में स्थित है। इसी भूमि से आसपास के कई किसानों के खेतों का पानी निकलता रहा है, लेकिन रिंग रोड निर्माण के पॉइंट नंबर 73 पर न तो पुलिया बनाई गई और न ही साइड नाली दी गई। इसके चलते खेतों का पानी रुक गया है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो धान के साथ-साथ आगामी गेहूं की फसल भी प्रभावित होगी। इस गंभीर समस्या को लेकर किसानों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष विवेक पटेल को मांग पत्र सौंपते हुए पुलिया निर्माण या साइड नाली की व्यवस्था कराने की मांग की है। इस अवसर पर मनोज पटेल, गनपत पटेल, रमेश पटेल, शैलू साहू नरेश पटेल, सुनील साहू, प्रहलाद विश्वकर्मा, अर्जुन विश्वकर्मा, जवाहर पटेल,मुन्ना पटेल, मुकेश सेन, ओमकार सेन सहित बड़ी संख्या में ग्राम मुड़ारी के किसान मौजूद थे।
