
बैतूल। सूर्यपुत्री ताप्ती मैया की नगरी, सतपुड़ा की गोद में बसे जनजातीय चेतना के केंद्र और भारत के हृदय स्थल बैतूल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने दोनों हाथ जोड़कर बैतूलवासियों का अभिवादन करते हुए कहा कि सरकार बैतूल के सर्वांगीण विकास के लिए कई सौगातें लेकर आई है।
मुख्यमंत्री ने मुलताई का नाम बदलकर मूलतापी करने की घोषणा की। साथ ही बताया कि बीते एक वर्ष के भीतर इंदौर और भोपाल में मेट्रो ट्रेन का संचालन शुरू किया गया है, जो प्रदेश के शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. यादव ने वीर भारत न्यास के माध्यम से बैतूल में एक संग्रहालय स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी के अवसर पर ग्वालियर में 2 लाख करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों के भूमि पूजन किए जाएंगे।
इसके अलावा बैतूल में गुड़ उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए गुड़ क्लस्टर बनाने की भी घोषणा की गई, जिससे स्थानीय किसानों और उद्योग को नई मजबूती मिलेगी।
